बैगा बाहुल्य मुक्कदम टोला डेढ़ महीने से अंधेरे में, ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद भी बिजली विभाग बेखबर - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

बैगा बाहुल्य मुक्कदम टोला डेढ़ महीने से अंधेरे में, ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद भी बिजली विभाग बेखबर

30 से 35 घरों के ग्रामीण परेशान, मोबाइल चार्जिंग और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित

राजेन्द्र तंतवाय की रिपोर्ट

आई विटनेस न्यूज 24, मंगलवार 8 सितम्बर, विकासखंड डिंडौरी अंतर्गत ग्राम अझवार रैयत के बैगा बाहुल्य मुक्कदम टोला में पिछले करीब एक से डेढ़ महीने से विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। मोहल्ले का ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद से बिजली बंद है, लेकिन ग्रामीणों द्वारा विद्युत विभाग को मौखिक एवं लिखित रूप से सूचना दिए जाने के बावजूद अब तक सुधार कार्य नहीं कराया गया है।

मुक्कदम टोला में लगभग 30 से 35 घर हैं, जहां लंबे समय से बिजली नहीं होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय पूरा मोहल्ला अंधेरे में डूब जाता है। ग्रामीणों को मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए दूसरे मोहल्लों का सहारा लेना पड़ रहा है।

बिजली व्यवस्था ठप होने का असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण बच्चे शाम और रात के समय ठीक से पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। इससे अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई है।

ग्रामीणों के लिए अंधेरा केवल असुविधा का विषय नहीं बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर समस्या बन गया है। मुक्कदम टोला जंगली क्षेत्र से लगा हुआ है, जिसके कारण रात के समय जहरीले कीड़े-मकोड़ों और अन्य वन्य जीवों का खतरा बना रहता है। बिजली नहीं होने से ग्रामीणों को रात के समय विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है।

कुछ ग्रामीणों ने मोहल्ले में बिजली बिल जमा नहीं होने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित होने की बात भी सामने रखी है। हालांकि, ट्रांसफार्मर खराब होने और बिजली बंद रहने के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट करना विद्युत विभाग की जिम्मेदारी है।

लगातार एक महीने से अधिक समय से बिजली बंद रहने और शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि मुक्कदम टोला में खराब ट्रांसफार्मर की तत्काल जांच कर आवश्यक सुधार कार्य कराया जाए और जल्द से जल्द नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि बैगा बाहुल्य इस टोले के ग्रामीणों को अंधेरे से राहत मिल सके।


 

Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।