आई विटनेस न्यूज 24, सोमवार 18 अक्टूबर,समनापुर। एक ओर देश के प्रधानमंत्री मोदी वर्ष 2022 तक प्रत्येक नागरिक के पास उसके सपनों का घर दिलाने को लेकर प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चला रहे हैं। जिसके अंतर्गत समनापुर जनपद के प्रत्येक पंचायत में भी गांव गांव में पीएम आवास के मकान बनाए जा रहे हैं। वही ऐसे भी मामले सामने आ रहे हैं कि कुछ जगह दबंग, हितग्राहियो के पक्के मकान बनना गवारा नहीं कर रहे हैं तथा स्वीकृत मकानों में रोड़े अटकाने का काम किया जा रहा है। ऐसा ही मामला जनपद समनापुर के करीबी ग्राम पंचायत मझगांव का सामने आया है। जिसमें पीड़ित ने गांव के ही कुछ लोगों के विरुद्ध दबंगता पूर्वक मन तोडऩा एवं अपमानित करने का आरोप लगाया है।
जिला कलेक्ट्रेट डिंडोरी में जनसुनवाई के दौरान एक ऐसा मामला संज्ञान में आया है जिसमें प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत होने के उपरांत भी गांव के ही दबंगों के चलते हितग्राही को भूमि आवंटित नहीं होने दी जा रही है, और हितग्राही भटकते हुए आज जिला कलेक्ट्रेट जनसुनवाई में पहुंचकर अपना आवेदन देकर उसने मांग की है कि उसे भूमि आवंटित कर उसके स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास का निर्माण कराया जाए।
जानकारी के अनुसार समनापुर विकासखंड के मझगांव ग्राम के निवासी बलराम साहू पिता शोभाराम साहू ने आवास के लिए आवेदन किया था जो स्वीकृत हो गया है, किंतु भूमिहीन होने के कारण उसे आबादी भूमि से आवास हेतु भूमि ग्राम पंचायत द्वारा उपलब्ध कराई जाना है, जिसके लिए उसने ग्राम पंचायत में विधिवत आवेदन भी दिया था किंतु गांव के कुछ दबंगों के चलते उसे भूमि आवंटित करने से ग्राम सभा ने मना कर दिया और उसका आवास अधर में लटक गया। पटवारी ने अपने प्रतिवेदन में बताया की ग्राम सभा प्रस्ताव पारित कर भूमि न देने की बात कह रही है। आवेदक का आरोप है कि गांव के कुछ दबंग लोगों के विरोध के चलते ग्राम सभा द्वारा उसे भूमि देने की स्वीकृति नहीं दी जा रही है, जबकि आवेदक बीस वर्षों से इस ग्राम का निवासी है और वह किराए के मकान में गांव में रह रहा है वहीं आवेदक ने बताया की मकान मालिक ने भी तीस दिसम्बर तक मकान खाली करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
