गणेश पांडेय की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24,गुरुवार 30 जून
डिंडोरी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शहडोल में आयुष्मान कार्ड वितरण एवं सिकल सेल ऐनीमिया उन्मूलन मिशन-2047 के शुभारंभ किये जाने के अवसर पर एक जुलाई को डिंडोरी जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आयुष्मान ग्राम सभा के नाम से विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जायेगा।
कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने अधिकारियों को आयुष्मान ग्राम सभाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयुष्मान योजना के पीव्हीसी कार्ड का वितरण करने के निर्देश दिये। उन्होनें ग्राम सभाओं में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के शहडोल में आयोजित कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की व्यवस्था भी की जाये।
आयुष्मान ग्राम सभाओं में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के शहडोल जिले के ग्राम ललपुर में आयोजित कार्यक्रम का लाइव वेब कास्ट किया जायेगा। ग्राम सभाओं में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से आयुष्मान योजना के हितग्राहियों को पीवीसी कार्ड वितरित किये जायेंगे। पीवीसी कार्ड वितरण करते समय हितग्राहियों की ई-केवायसी ग्राम रोजगार सहायकों द्वारा की जायेगी।
विशेष ग्राम सभाओं में आयुष्मान योजना से लाभांवित हितग्राहियों द्वारा अपने अनुभव साझा किये जायेंगे। इस अवसर पर आयुष्मान भारत योजना के सभी हितग्राहियों के नामों का वाचन किया जायेगा तथा आयुष्मान भारत योजना के लाभों की जानकारी दी जायेगी।
आयुष्मान ग्राम सभाओं के आयोजन के एक दिन पहले स्थानीय नागरिकों को ग्राम सभा में उपस्थित होने घर-घर जाकर आमंत्रित किया जायेगा। आयुष्मान ग्राम सभाओं के समापन पर धन्यवाद प्रस्ताव रखा जायेगा। इसमें उन लाभार्थियों के हस्ताक्षर होंगे जिनका आयुष्मान भारत योजना के तहत उपचार हुआ है। जिले में प्रभावी ग्राम सभायें आयोजित करने वाले दस ग्राम पंचायतों को जिला स्तर पर प्रशस्ति पत्र प्रदान किये जायेंगे।
नगरीय निकायों में भी होंगे पीव्हीसी कार्ड वितरण के कार्यक्रम
आयुष्मान कार्ड वितरण एवं सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन-2047 का प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुभारंभ किये जाने के अवसर पर एक जुलाई को जिले के सभी नगरीय निकायों में भी आयुष्मान योजना में पीवीसी कार्ड वितरण के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने जिले के सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों को भी इन कार्यक्रमों का वृहद स्वरूप में आयोजन करने के निर्देश दिये है।
आयुष्मान ग्राम सभाओं की तरह नगरीय निकायों में आयोजित किये जाने वाले इन कार्यक्रमों में भी आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के नामों का वाचन होगा तथा नागरिकों को योजना के लाभ बताये जायेंगे। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हितग्राहियों को पीवीसी आयुष्मान कार्ड वितरित किये जायेंगे। नगरीय निकायों में होने वाले कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में शहडोल जिले के ग्राम लालपुर में आयोजित कार्यक्रम का लाइव वेब कास्ट भी किया जायेगा। कार्यक्रमों में लाभार्थी अपने अनुभव साझा करेंगे। कार्यक्रमों में धन्यवाद प्रस्ताव भी रखा जायेगा। इसमें आयुष्मान योजना के तहत उपचार का लाभ प्राप्त कर चुके हितग्राहियों के हस्ताक्षर करेंगे। प्रभावी कार्यक्रम करने वाले तीन नगरीय निकायों को जिला स्तर पर पुरस्कृत भी किया जायेगा। कार्यक्रमों के एक दिन पहले आशा एवं ऊषा कार्यकर्ताओं के माध्यम से आयुष्मान योजना के हितग्राहियों को कार्यक्रमों में शामिल होने घर-घर जाकर आमंत्रित किया जायेगा।
