गणेश पांडे की रिपोर्ट
आईविटनेस न्यूज़ 24, गुरुवार 29 जून डिंडोरी । जिले में संचालित समस्त अशासकीय शिक्षण संस्थानों के लिए समग्र शिक्षा अभियान विभाग ने एक आदेश (क्र 407 दिनांक 28 जून 2023) जारी किया है । जिसके अनुसार सभी अशासकीय शिक्षण संस्थान अपने विद्यालय में केवल उसी पाठ्यक्रम की पुस्तकों का उपयोग अध्यापन कार्य में करेंगे । जिस पाठ्यक्रम से एनसीईआरटी एससीईआरटी से मान्यता प्राप्त हुई है।साथ ही विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों व उनके पालकों को कोई भी शिक्षण सामग्री जैसे गणवेश पुस्तकें किसी एक निश्चित फर्म संस्था या दुकान से क्रय किए जाने हेतु बाध्य ना किया जाए।
पत्र में इस बात का भी उल्लेख किया गया है कि यदि उपरोक्त निर्देशों का कड़ाई से पालन नहीं किया जाता या उक्त संबंध में किसी भी माध्यम से शिकायत प्राप्त होती है, या फिर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा आकस्मिक निरीक्षण के दौरान विद्यालय में मान्यता प्राप्त अनुसार अध्यापन कार्य ना कराए जाने या पुस्तकों में किसी भी प्रकार की कोई विसंगति पाई जाती है, या शिक्षण सामग्री किसी एक निश्चित फर्म संस्था या दुकान से क्रय किए जाने हेतु बालकों को बाध्य किया जाता है । तो उस विद्यालय की मान्यता समाप्त करने की कार्यवाही की जाएगी । जिसके लिए संस्था स्वतः जिम्मेदार होगी।
