आशीष
आई विटनेस न्यूज 24, गुरुवार 18 जुलाई,वर्षा का मौसम आते ही शहर में विचरण करने वाले गोवंशी सड़कों पर डेरा जमाने लगे हैं। वर्षा का दौर चल रहा है, ऐसे में सूखी जगह के चक्कर में आवारा पशु शहर के मुख्य मार्गो की सड़कों पर बैठ रहे हैं। इसके कारण हादसों का खतरा भी बन रहा है। सड़कों से आवारा पशुओं को हटाने के लिए नगर पंचायत की ट्राली को उपयोग में नहीं लिया जा रहा है।
शहर के मुख्य मार्ग पर झुंड बनाकर घूमते आवारा पशुओं के कारण शहरवासी का शहर के मार्गो पर आवागमन करना मुश्किल हो गया है।
पशु मालिक भी अपने पशुओं से बेपरवाही दिखाते हुए अपने मवेशियों को विचरण के लिए सड़क में छोड़ देते है। वहीं इनके झुंड को सड़कों से हटाने के लिए इन दिनों जिला प्रशासन द्वारा कोई पहल नही की जा रही है।
ज्यादातर मवेशी पालतू
शहर की सड़कों पर विचरण करने वाले अधिकांश गाय पालतू हैं। जब तक गाय दूध देती है। इसकी सार संभाल की जाती है। फिर खुले में छोड़ दिया जाता है। कई लोग तो ऐसे हैं। जो रोज दूध निकाल कर गाय को छोड़ देते हैं। यदि पालतू गायों को लोग बांधकर रखे तो भी शहर की सड़कों से कई मवेशी कम हो सकते हैं। वहीं इसकी जानकारी नगर पालिका को होने के बाद भी आवारा पशुओं की धरपकड़ नहीं कर रही है। जिससे सड़क पर आवारा पशुओं की संख्या बढ़ रही है।


